मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बेवर निवासी व्यापारी की मौत हो गई। मृतक सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती भतीजे को देखने के लिए जा रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के फरेंजी में कार्यरत अनुदेशक अंकित कुमार शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे जटपुरा चौराहा के पास ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें सैफई में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी होने पर थाना बेवर क्षेत्र के मोहल्ला महाजनान निवासी 62 वर्षीय ताऊ दिनेश चंद्र गुप्ता बाइक से सैफई जा रहे थे।
बाइक जब थाना कुर्रा क्षेत्र में थाने के पास पहुंची, तभी किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं दुर्घटना को लेकर कुछ लोगों का कहना है कि हादसा किसी अज्ञात वाहन से नहीं बल्कि नीलगाय से टकराने से हुआ है।
हेलमेट ने बचा ली जान
दिनेश चंद्र की बेवर के मनोज मार्केट में टीवी आदि की दुकान है। भतीजे के एक्सीडेंट में घायल होने की जानकारी मिलते ही वह दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी राजेश कुमार निवासी पखना विहार, फर्रुखाबाद के साथ सैफई के लिए चल दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा सुबह 11 बजे हुआ। बाइक चला रहा राजेश हेलमेट लगाए था, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे दिनेश गुप्ता के सिर में चोट लगी।