कासगंज-बरेली रोड पर सोरों-नगरिया के बीच बुधवार तड़के रोडवेज बस और मैक्स पिकअप में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में गंगा स्नान कर लौट रहे मैक्स सवार दो श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई। वहीं 17 मैक्स सवार श्रद्धालु और दो बस यात्री घायल हो गए। श्रद्धालु मैनपुरी जिले के गांव अड़ूपुरा के हैं। हादसे का कारण सुबह घना कोहरा बताया जा रहा है।
मैनपुरी जिले के थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव अड़ूपुरा के श्रद्धालु मैक्स पिकअप से गंगा स्नान करने कछला गंगाघाट गए थे। सुबह लगभग 6:30 बजे सभी श्रद्धालु गंगा स्नान कर लौट रहे थे। घने कोहरे के कारण नगरिया-सोरों के बीच गंगा कोल्ड स्टोरेज के समीप कासगंज की ओर से बरेली जा रही एटा जिले की रोडवेज बस से मैक्स पिकअप की भिड़ंत हो गई।
हादसे में मैक्स सवार 65 वर्षीय शांति देवी पत्नी अमीर सिंह और 55 वर्षीय सुरेश चंद्र पुत्र बदन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य 17 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में रोडवेज बस में सवार दो यात्री भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर डीएम सीपी सिंह, एसपी मनोज सोनकर ने अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जाना।
ये हुए घायल
मैनपुरी के गांव कलंदरपुर निवासी कार चालक जीतपाल (45) पुत्र रामसनेही, गांव अड़ूपुरा निवासी राकेश(52) पुत्र हाकिम सिंह, जलधारा (56) पत्नी उदयवीर, रामभेजी (45) पत्नी सुरेश, सरला (65) पत्नी अजेंद्र, अजेंद्र (65) पुत्र भीलाल, किताबश्री (65) पत्नी बदन सिंह, नैती देवी (52) पत्नी निहाल सिंह, मोहकम(45) पुत्र जहान सिंह, कुसमा(45) पत्नी सुभाष चंद्र, हेमश्री (70) पत्नी गंगा सिंह, विनीता(55) पत्नी अकीराम, मीना देवी (55) पत्नी रामरतन, गतिश्री (70) पत्नी बालकिशन, रघुनंदन(40) पुत्र सोहन लाल, राजकुमारी (30) पत्नी वीरेश, बदनश्री (55) पत्नी अरब सिंह। वहीं रोडवेज बस में सवार एटा के गांव मलावन निवासी विकास (18) पुत्र गीतम, रघुनंदन (40) पुत्र हीरालाल। इनमें से बस सवार घायल यात्रियों सहित 11 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं आठ घायलों को भर्ती किया गया है।
कोहरे के कारण बस और मैक्स पिकअप में भिड़ंत हुई है। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हुई है। अन्य सभी घायलों को उपचार के लिए भेजा है। - अनिल कुमार, कोतवाली प्रभारी, सोरों।