एसएससी की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों के वाहन में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला अभ्यर्थी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा गुरुवार सुबह एत्मादपुर हाइवे के निकट छलेसर क्षेत्र में घटित हुआ। एसएससी का पेपर देने के लिए कुछ अभ्यर्थी रामबाग से ऑटो में जा रहे थे। नगला रामबक्स स्थित देव कॉलेज में एसएससी की परीक्षा थी। अलीगढ़ के अतरौली के गांव पिपली निवासी 20 वर्षीय रितु शर्मा पुत्री राकेश शर्मा अपने चचरे भाई प्रशांत के साथ रामबाग से ऑटो में बैठकर देव कालेज जा रही थी।
पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल
इसी टेम्पो में एक अभ्यर्थी सुमित कुमार अपने पिता मनीष निवासी धनौली, मलपुरा भी था। छलेसर स्थित पेट्रोल पंप के सामने ऑटो को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रितु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य सवारी घायल हो गईं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।