नाराज होकर गए दो युवकों को परिजन से मिलाया
- बेवर थाने में दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। परिजन से नाराज होकर घर छोड़कर चले गए दो युवकों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से ढूंढ निकाला। शनिवार को दोनों के माता पिता को सुपुर्दगी में दिया। युवकों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। युवकों के सकुशल मिलने के बाद परिजन के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर निवासी नितिन सिंह 6 नवंबर को परिजन की किसी बात से नाराज होकर घर छोड़ कर चला गया था। वहीं गांव खांकेताल निवासी रामफेरे का पुत्र अरुण भी इसी दिन घर छोड़ कर चला गया था। परिजन ने दोनों की काफी तलाश की। हर संभावित स्थान पर खोजा लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। इसके बाद अनहोनी की आशंका से घबराए परिजन ने थाने में दोनों युवकों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शनिवार को पुलिस ने नितिन और अरुण कुमार को ढूंढ निकाला। परिजन को सूचना देकर थाने बुलाया गया। युवकों की परिजन से बातचीत कराई गई और युवकों को भविष्य में इस तरह से घर छोड़कर न जाने की हिदायत दी गई। युवकों को सकुशल पाकर परिजन के चेहरे पर खुशी छाई गई। परिजन उन्हें अपने साथ घर ले गए।