आगरा। बिजली का कनेक्शन देने के बजाय सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) योगेश कुमार पर चोरी का आरोप लगाकर करीब ढाई लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया गया। मामला तूल पकड़ने पर अब बिजली विभाग अपने असेसमेंट का पुनर्निधारण करेगा।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी श्रुति के निर्देश के बाद विभाग ने असेसमेंट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही उन्हें कनेक्शन मुहैया कराने के लिए भी जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीवीवीएनएल आगरा जोन के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि असेसमेंट का रिव्यू कर रिपोर्ट एमडी कार्यालय सौंपी जाएगी। वहां के निर्देश के बाद आगे कार्रवाई होगी।
बता दें, दौरेठा स्थित श्रीजी धाम में मकान बनाने वाले योगेश कुमार 30 अगस्त 2025 से बिजली कनेक्शन पाने के लिए विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। तीन बार आवेदन खारिज होने के बाद चौथी बार जब आवेदन किया तो पता चला कि उनके खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज कर करीब ढाई लाख रुपये का असेसमेंट बना दिया गया। परेशान योगेश पत्नी के साथ अफसरों के चक्कर लगाते रहे लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अमर उजाला ने उनकी समस्या को प्रमुखता से उठाया तो एमडी ने असेसमेंट रिव्यू करने के निर्देश दिए। एमडी ने कहा कि नियमानुसार जो भी उचित होगा, वह किया जाएगा।