आगरा के एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित सरकारी आवास में रहने वाले सेवानिवृत्त सार्जेंट राजकुमार राणा की पत्नी अनामिका (38) ने मंगलवार सुबह फंदे से लटककर जान दे दी। उस समय पति घर में नहीं थे। बेटा-बेटी स्कूल जाने के लिए जागे तो मां को फंदे पर लटका देखकर चीखने लगे। इस पर पड़ोसी आ गए। सूचना पर पुलिस और एयरफोर्स अधिकारी पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला कि महिला बीमार थीं। अवसाद में आकर आत्महत्या की है।
एयरफोर्स स्टेशन परिसर में राजकुमार राणा रहते हैं। वह मूलरूप से छज्जूपुर, हापुड़ के रहने वाले हैं। सरकारी आवास में पत्नी अनामिका और दो बच्चों के साथ रह रहे थे। राजकुमार सार्जेंट के पद पर तैनात थे। सितंबर में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजकुमार राणा का 12 साल का बेटा कक्षा आठ और आठ साल की बेटी कक्षा तीन में पढ़ती है। राजकुमार की मेरठ में परीक्षा थी। वह मंगलवार को वहां गए हुए थे। सुबह करीब 6 बजे अनामिका ने बच्चों को स्कूल के लिए जगाया, लेकिन वो दोबारा सो गए।