आगरा। नेशनल चैंबर के प्रतिनिधि मंडल ने कमिश्नर से मुलाकात कर टीटीजेड की बाध्यता खत्म करवाने और शहीद स्मारक में होने वाले लाइट एंड साउंड शो को निशुल्क करने की मांग की है। चैंबर ने शासन-प्रशासन से सुप्रीम कोर्ट में पैरवी के लिए नियुक्त अधिवक्ता से व्यापारियों से वार्ता कराने की भी मांग की।
अध्यक्ष संजय गोयल ने मंडलायुक्त को बताया कि टीटीजेड की बाध्यता से कई उद्योग बंद हो चुके हैं, बाकी भी चौपट स्थिति में हैं। नए उद्यम नहीं लग पा रहे हैं। एलएमबी 6 के नए विद्युत कनेक्शन भी नहीं हो रहे। ऐसे में शासन-प्रशासन सुप्रीम कोर्ट में पैरवी के लिए नियुक्त किए गए अधिवक्ता से व्यापारियों के साथ वार्ता कराई जाए।
कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल और मनोज बंसल ने कहा कि शहर की वायु गुणवत्ता निरंतर ठीक हो रही है, ऐसे में टीटीजेड की बाध्यता अब समाप्त कर दी जाए। पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि शहीद स्मारक पर लाइट एंड साउंड शो को निशुल्क किया जाए, जिससे शहर की जनता लाभान्वित हो। अमर शहीदों की प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण और नाम पट्टिका भी लगाई जाए।