पंचम बिहार में कीचड़ में खड़े होकर हंगामा करती हुई महिलाएं
- फोटो : Samvad
आगरा के टेढ़ी बगिया स्थित पंचम बिहार की बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने मंगलवार को कीचड़ से भरे कच्चे रास्ते में उतरकर दो घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद भी न तो कोई अधिकारी मौके पर आए, न ही कोई जनप्रतिनिधि पहुंचा। इससे लोगों में आक्रोश है। अब वह नगरायुक्त से मिलने जाएंगे।
नगर निगम और क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के खिलाफ बुधवार शाम को आक्रोशित लोगों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए थे। क्षेत्र में जलभराव की समस्या इतनी विकराल है कि गंदा पानी महीनों तक नहीं सूखता। घरों के बाहर से लेकर मुख्य मार्ग तक दलदल जैसा हाल बना रहता है। स्थानीय निवासी छोटे सिंह यादव ने बताया कि सड़क निर्माण न होने से जलभराव की समस्या लगातार बढ़ रही है।
स्थानीय निवासी राजू कुमार ने कहा कि कीचड़ में खड़े होकर दो घंटे तक धरना देने के बाद भी कोई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौके पर स्थिति देखने नहीं आया। इससे साफ है कि प्रशासन समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो क्षेत्र के लोग मजबूरन टेढ़ी बगिया चौराहे प्रदर्शन करेंगे।