उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन के ढुलमुल रवैये के चलते परीक्षा केंद्रों पर बेखौफ नकल कराई जा रही है। एक कॉलेज को डिबार किया जा चुका है तो 6 अन्य के लिए पयर्वेक्षक नियुक्त किए हैं। विवि प्रशासन कॉलेजों के खिलाफ सख्ती नहीं दिखा रहा है।
सचल दल की रिपोर्ट के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पयर्वेक्षक की निगरानी में आगे की परीक्षाएं कराने के आदेश जारी किए हैं। इसके बाद से कालेज संचालक की ओर से सचल दल को धमकी दी जा रही है।
सचल दल की रिपोर्ट के कई दिन बाद छह परीक्षा केंद्रों में पयर्वेक्षक की निगरानी में परीक्षा कराने के आदेश जारी किए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश के अनुसार, आगरा के काला डिग्री कालेज, देवरी रोड, आरसी शर्मा डिग्री कालेज, लादूखेड़ा, श्री ज्वाला प्रसाद शर्मा शिक्षा संस्थान किरावली, श्री राम आदर्श महाविद्यालय पनवारी, आरसीएस मेमोरियल महाविद्यालय नानपुर में पयर्वेक्षक की निगरानी में आगे की परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके साथ ही श्रीमती फूलमती देवी कन्या महाविद्यालय, राया की परीक्षा भी पर्यवेक्षक की निगरानी में होगी।
दो परीक्षा केंद्रों पर सचल दल को धमकी मिली है, यह अभी तक मेरी जानकारी में नहीं आया है। शिकायत मिलते ही संबंधित कॉलेजों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -ओम प्रकाश, परीक्षा नियंत्रक