मैनपुरी। शनिवार की रात शहर से भोगांव स्थित घर जाते समय भाजपा नेता को गोली मारने के मामले में तीन नामजद लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
भाजपा अनुसूचित जाति युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौतम कठेरिया शनिवार को शहर में मां की दवा लेने आए थे। भाई सुग्रीव कठेरिया के साथ बाइक से लौटते समय रात करीब 9:30 बजे गांव ललूपुर के पास बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया यहां से चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया था। देर रात मामले में सुग्रीव कठेरिया की ओर से मोहल्ला जगत नगर निवासी सुरजीत राठौर, मोहसिंह और रईस निवासी मोहल्ला मोहम्मद सईद भोगांव को नामजद किया है। आरोप लगाया कि दोपहर से ही तीन नामजद सहित चार लोग घर के आसपास चक्कर काट रहे थे। मुकदमा दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस नामजदों की तलाश में जुट गई है। एएसपी मधुवन कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है, जो दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पिता पर दर्ज है धोखाधड़ी का केस
मैनपुरी। भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले में पुलिस के सामने संदेह की स्थिति है। हमले में घायल नेता के पिता के विरुद्ध करीब एक माह पूर्व भोगांव थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था। शिकायतकर्ता शनिवार रात भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले में नामजद है। पुलिस किसी भी तथ्य को नजरंदाज नहीं करने की बात कह रही है।
थाना भोगांव में 12 मई को जगत नगर निवासी सुरजीत सिंह की ओर से जमीन की धोखाधड़ी संबंधी मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसमें भाजपा नेता गौतम कठेरिया के पिता वीरेश कठेरिया सहित नौ लोग आरोपी हैं। दोनों पक्षों में जमीन की रंजिश को लेकर जानलेवा हमले की घटना पुलिस के गले नहीं उतर रही है। पुलिस के अनुसार हमला हुआ है या मामला कुछ और है, इसको लेकर सभी तथ्यों पर गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। पुलिस किसी भी तथ्य को नजरंदाज नहीं कर रही है। भोगांव में दर्ज मामला भी संज्ञान में है। फिलहाल नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
की जा रही है पूछताछ
भोगांव। भाजपा नेता को गोली मारे जाने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना को लेकर भाजपाइयों में रोष व्याप्त है। वहीं पड़ुआ रोड पर स्थित रईस फारुखी की आरा मशीन के पीछे भूखंड की रंजिश घटना की प्रमुख वजह बताई जा रही है। सदर कोतवाली में दर्ज हुए मामले के बाद पुलिस रईस अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। संवाद
गिरफ्तारी नहीं होनेे पर किया जाएगा आंदोलन
मैनपुरी। अखिल भारतीय कठेरिया समाज विकास मंच की बैठक रविवार को कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह कठेरिया की अध्यक्षता में हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौतम कठेरिया पर किए गए जानलेवा हमले के आरोपी अगर नहीं पकड़े गए तो संगठन आंदोलन करेगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेता पर किया गया जानलेवा हमला सोची समझी साजिश है। घायल नेता ा आगरा में इलाज चल रहा है। जानलेवा हमले की रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है। आरोपियों को जेल भेजा जाए। 15 दिन में अपराधी जेल नहीं भेजे गए तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी को ज्ञापन दिया जाएगा। इस मौके पर बंटू कठेरिया, भोलेशंकर कठेरिया, योगेंद्र कठेरिया, इंदल कठेरिया, अखिलेश कठेरिया, प्रेमनरायन कठेरिया, वेदराम कठेरिया, धर्मेंद्र कठेरिया, गौरव कठेरिया, सौरभ कठेरिया, राजेश कठेरिया, प्रमोद कठेरिया, संदीप कठेरिया, सुभाष कठेरिया मौजूद रहे। संवाद