कुरावली। थाना क्षेत्र के गांव रमेसर में चुनाव के दौरान सदर विधायक और भाजपा समर्थकों बीच मारपीट हो गई थी। मंगलवार को विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। विधायक पर जातिसूचक गालियां देने और जानलेवा हमला करने का आरोप है।
थाने में अर्जुन दिवाकर की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि रविवार की सुबह दस बजे वह अपने गांव में था, तभी सदर विधायक एवं सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव अपनी गाड़ी से आए। उनके साथ रसेमर निवासी शेषराम, देवेंद्र, महादेवा निवासी गोविंद यादव, आलोक यादव भी थे। आरोप है कि अर्जुन को गोविंद से बुलवाकर प्राथमिक विद्यालय रसेमर के पास कहा कि दस हजार रुपये ले लो और पूरे परिवार के वोट दे दो। जब उसने मना किया तो विधायक ने गालियां देते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित करके मारना पीटना शुरू कर दिया। उसी समय पोलिंग से वोट डालकर निकल रहे प्रधान प्रतिनिधि अमन यादव ने विरोध किया तो सदर विधायक तथा उसके साथियों ने एकराय होकर अमन को मारना पीटना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर गांव के लोग आ गए। इस पर सदर विधायक ने लाइसेंसी रायफल से जान से मारने की नियत से सीधा फायर किया, जिससे अर्जुन तथा अमन बाल बाल बचे। सदर विधायक जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है।
विधायक ने भी दर्ज कराई है रिपोर्ट
मामले में सोमवार को सदर विधायक राजकुमार उर्फ राजू यादव ने प्रधान प्रतिनिधि अमन यादव, अरुण यादव, अर्पण यादव, सुनील कुमार के खिलाफ जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने कार तोड़ देने का भी आरोप लगाया गया था।