मैनपुरी। जिला अस्पताल पहुंचे तीन मरीजों की मौत हो गई। दो मरीजों की मौत उच्च रक्तचाप से जबकि एक की हार्टअटैक से हुई। हार्टअटैक के दो अन्य मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
मंगलवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। यहां 655 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। भोगांव थाना क्षेत्र के गांव सर्वा निवासी 60 वर्षीय कप्तान सिंह को सोमवार की रात उच्च रक्तचाप की दिक्कत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार की सुबह कप्तान सिंह की मौत हो गई। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव बिघरई निवासी 32 वर्षीय बलराम सिंह राजमिस्त्री था। मंगलवार की सुबह उसे अटैक पड़ा। परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए। यहां से उसे मेडिकल कॉलेज सैफई ले जाने की सलाह दी गई पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर गढ़ी निवासी 65 वर्षीय प्रमोद सिंह को पिछले कुछ दिनों से उच्चरक्त चाप के चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। मंगलवार की सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एक मरीज की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई है, उसे उच्च रक्तचाप की दिक्कत होने पर भर्ती कराया गया था। वहीं दो अन्य मरीज मृत अवस्था में जिला अस्पताल लाए गए थे।
डॉ. अरविंद कुमार गर्ग, सीएमएस