मैनपुरी। बिजली चोरी पकड़ने के लिए विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार सुबह से जिले भर में अभियान चलाया। सुबह पांच बजे टीमों ने सो रहे लोगों के घरों की कुंडी खटकाकर बिजली चेकिंग की। बिजली चोरी करने पर 28 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
अधिशासी अभियंता प्रथम मागेंद्र अग्रवाल के निर्देशन में मोहल्ला किला बजरिया और पुरानी मैनपुरी में विद्युत टीमों ने 50 घरों के कनेक्शन चेक किए। 11 लोग बिजली चोरी करते मिले। उनके खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखाई गई है। टीम में एसडीओ पदम गर्ग, जेई रामसनेही, श्याम किशोर, नवीन कुमार, मनीष कुमार, अरविंद कुमार मौजूद रहे।
कुरावली में एसडीओ संजीव यादव के नेतृत्व में मोहल्ला खेड़ा, सुजरई, सदर बाजार में चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां आठ घरों में चोरी से बिजली का प्रयोग होता मिला। केबिलों को जब्त करके बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखाई गई। जेई शुभम मदेशिया, विशंभर सिंह मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता जीसीएल भटनागर के निर्देश पर एसडीओ दिलीप भारती, जेई रविशंकर, जितेंद्र कुमार, दीपचंद, मनोज कुमार ने दिहुली में नौ लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
-------
करहल में भी चला चेकिंग अभियान
करहल। एसडीओ रजत शुक्ला के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। बिजली चोरी करने पर अलग-अलग मोहल्ले के 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। चेकिंग टीम में देवकीनंदन, सतीश कुमार, सुनील कुमार, अवनीश यादव आदि रहे।
------
बकाएदारों को बिजली बिल जमा करना होगा। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। अभियान में बकाया सूची के आधार पर चेकिंग की जा रही है। बिजली चोरी से आपूर्ति प्रभावित होती है।
अतुल अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता