मैनपुरी। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। यहां पीआरडी जवानों के ड्यूटी लगाने के नाम पर अवैध वसूली का खेल चल रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी मामला दबाया जाता रहा है। अवैध वसूली से जुड़े ऑडियो और वीडियो वायरल हुए हैं। पीआरडी के एक जवान ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की शिकायत की है। इससे विभाग में खलबली मच गई है।
विकास भवन स्थित युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय से पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है। ड्यूटी लगाने के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को वायरल ऑडियो और वीडियो में ये साफ है कि बिना रुपये दिए ड्यूटी नहीं लगाई जाती है।
ऑडियो में ये भी कहा गया है कि युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह ने साफ कह दिया है कि रुपये देने वाले की ही ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं वीडियो में कार्यालय में उपस्थित कई पीआरडी जवान रुपये देने की बात कह रहे हैं। वीडियो में ब्लॉक कमांडर पीआरडी जवानों से वसूली गई धनराशि को जिला स्तरीय अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कह रहे हैं। पहले भी पीआरडी के जवान वसूली के आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अस्यौली निवासी पीआरडी जवान अवधेश कुमार ने भी अवैध वसूल की शिकायत की है। शिकायत में आरोप है कि रुपये देने के पहले ड्यूटी लगा दी गई, जिसे बाद में हटा दिया गया। दोबारा भी ड्यूटी बदलने के नाम पर रुपये लिए गए। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।