आगरा। दौसा से घिरोर के बीच बिजली की 765 केवी हाईटेंशन लाइन बनाने के लिए ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) में 272 पेड़ काटने और 610 पेड़ों की छंटाई की अनुमति देने की सिफारिश की गई है। पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने दौसा-घिरोर और घिरोर-फिरोजाबाद के बीच हाईटेंशन लाइन के निर्माण के लिए पेड़ काटने की अनुमति मांगी थी।
सेंट्रल इंपावर्ड कमेटी (सीईसी) ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दाखिल की है, जिसमें पेड़ों को काटने की अनुमति देने की सिफारिश के साथ पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में 8880 पेड़ लगाने की शर्त लगाई है। इसके लिए आगरा और फिरोजाबाद में जमीन भी तय की गई है।
राजस्थान में सोलर प्लांट के जरिये 3.5 गीगावाट बिजली के उत्पादन की योजना में दौसा से घिरोर के बीच ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण किया जाना है। पावरग्रिड कॉरपोरेशन के आवेदन पर सीईसी सदस्य अंजन कुमार मोहंती ने दौसा-घिरोर और घिरोर-फिरोजाबाद ट्रांसमिशन लाइनों की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी है।
रिपोर्ट नंबर 30 में सदस्य अंजन मोहंती ने शर्तों के साथ अनुमति देने की सिफारिश की है। इस योजना में 765 केवी डीसी लाइन का निर्माण दौसा से घिरोर के बीच होगा। 124 किमी. लंबी लाइन में टीटीजेड में करीब 297 पेड़ काटने और 1735 की छंटाई की अनुमति मांगी गई थी लेकिन सीईसी ने निरीक्षण किया तो ट्रांसमिशन लाइनों का अलाइनमेंट बदलवाया गया।
इसके बाद केवल 85 पेड़ काटने की जरूरत ही पड़ी। इनमें 69 आगरा में हैं और 16 फिरोजाबाद में हैं। करीब 400 पेड़ों को छांटने की अनुमति मांगी गई, जिसमें 387 आगरा में और 13 ही फिरोजाबाद में हैं।
पावरग्रिड कॉरपोरेशन घिरोर से फिरोजाबाद के बीच 48 किमी. लंबी लाइन बनाएगा। टीटीजेड में मौजूद जमीन पर टावरों के निर्माण के लिए 187 पेड़ काटने होंगे, जबकि 210 की छंटाई करनी होगी। सीईसी सदस्य अंजन मोहंती ने रिपोर्ट में कहा है कि 45 हेक्टेयर जमीन पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति के लिए पौधे लगाने होंगे।
इनमें 20 हेक्टेयर आगरा के तरौली गुर्जर, नौगवां में जबकि 25.61 हेक्टेयर जमीन पर फिरोजाबाद में पौधे लगेंगे। इसके अलावा 4030 पौधे घिरोर और फिरोजाबाद सबस्टेशन पर भी लगाने होंगे।
-
अझई में सबस्टेशन के लिए पेड़ काटने की अनुमति
सेंट्रल इंपावर्ड कमेटी ने नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के डिप्टी चीफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर प्रतीक सिन्हा के आवेदन पर अझई में सबस्टेशन बनाने के लिए पीपल का पेड़ काटने की अनुमति देने की सिफारिश की है। कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट में कहा है कि मिशन रफ्तार में 200 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार के लिए अझई में सबस्टेशन बनाया जाना है। पीपल का पेड़ बीचोंबीच है, जिसे काटे बिना निर्माण संभव नहीं है। इसके एवज में 10 गुना पेड़ लगाने होंगे। सीईसी ने टीटीजेड चेयरमैन से कहा है कि पेड़ काटने की अनुमति बिना कोई प्रोजेक्ट शुरू न किया जाए। इस पर वह सख्ती बरतें।