आगरा। नवरात्र शुरू होते ही शहर के रियल एस्टेट सेक्टर में बहार आ गई है। शुभ मुहूर्त में अपने सपनों का आशियाना खरीदने के लिए लोगों ने बुकिंग शुरू कर दी है। बाजार में आए इस उछाल से इस त्योहारी सीजन में दिवाली तक करीब 100 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है।
शहर और आसपास के तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में 20 से अधिक आवासीय व व्यावसायिक प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इनमें 1500 से अधिक मकान, फ्लैट और भूखंड बिक्री के लिए तैयार हैं। पितृपक्ष समाप्त होते ही नवरात्र के पहले दिन से रियल एस्टेट कार्यालयों में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। ग्राहकों को लुभाने के लिए डेवलपर्स आकर्षक छूट और उपहारों की भी पेशकश भी कर रहे हैं। यह त्योहारी उत्साह दिवाली तक और तेज होने का अनुमान है।
क्रेडाई के पूर्व अध्यक्ष भगत सिंह बघेल ने बताया कि इस बार त्योहारी सीजन को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह है। लोगों का रुझान सुरक्षित कॉलोनियों के भूखंडों और रेडी टू मूव मकानों की ओर अधिक है। नवरात्र में शुरू हुई बुकिंग और खरीदारी दिवाली तक 100 करोड़ के आंकड़े को आसानी से पार कर लेगी। रियल एस्टेट के जानकारों का कहना है कि किसी भी प्रोजेक्ट में निवेश से पहले उसका नक्शा, रेरा पंजीकरण एवं शर्तों को ध्यान से जान लें। सस्ते प्लॉट या मकान के लालच में अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें।