मैनपुरी। बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने के बाद भी बकाएदारों ने बिल जमा नहीं किया। इसके चलते विद्युत निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शहरी क्षेत्र में 2300 उपभोक्ताओं को आरसी जारी कर दी है। अगर उन्होंने बिल जमा नहीं किया तो राजस्व की भांति उनसे बकाया बिल की वसूली की जाएगी।
विद्युत निगम के लिए बिल जमा न करने वाले उपभोक्ता सबसे बड़ा सिरदर्द बने हुए हैं। लगातार बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसके बाद भी कोई सुधार नहीं हो रहा है। शहरी क्षेत्र में बिजली का बिल न देने पर बीते एक साल में 2300 कनेक्शन काटे गए। कनेक्शन काटे जाने के बाद भी इन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा नहीं किया। लगातार अवर अभियंता और उप खंड अधिकारियों ने घर-घर जाकर बिल जमा करने की अपील की पर फिर भी उपभोक्ताओं ने एक न सुनी। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिशासी अभियंता प्रथम मागेंद्र कुमार अग्रवाल के आदेश पर न उपभोक्ताओं को आरसी जारी कर दी गई है। जल्द ही उपभोक्ताओं को ये आरसी प्राप्त करा दी जाएगी। इसके बाद भी अगर वे बकाया बिल जमा नहीं करते हैं तो उनसे बकाया राजस्व की भांति संपत्ति से वसूली की जाएगी।
कनेक्शन काटने के लिए चल रहा अभियान
विद्युत निगम द्वारा बकाएदारों के कनेक्शन काटने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अधीक्षण अभियंता अतुल अग्रवाल के निर्देशन में प्रतिदिन सभी 57 उपकेंद्रों से टीमें भेजी जा रही हैं। ये टीमें दस हजार से अधिक के बकाएदारों का कनेक्शन काट रही हैं।
शहरी क्षेत्र के 2300 उपभोक्ताओं की आरसी जारी की गई है। ये वे उपभोक्ता हैं जिनका बकाए पर कनेक्शन काट दिया गया था, लेकिन इसके बाद उन्होंने बकाया बिल जमा नहीं किया।
- मागेंद्र कुमार अग्रवाल, अधिशासी अभियंता प्रथम।