कासगंज। आपूर्ति विभाग ने कार्डधारकों को राशन का वितरण न कर कालाबाजारी करने वाले एक डीलर की दुकान को निरस्त कर दिया है। विभाग ने डीलर की प्रतिभूति भी जब्त कर ली है। अब नए सिरे से दुकान का आवंटन किया जाएगा।
ग्राम मस्तीपुर के ग्रामीणों ने गांव के डीलर की राशन वितरण न किए जाने की शिकायत की। इस पर विभाग ने डीलर के स्टॉक की जांच की। इसमें गड़बड़ी मिली। इसके साथ ही ग्रामीणों से भी बातचीत की गई। शिकायत सही पाए जाने पर विभाग ने डीलर की दुकान निलंबित कर प्राथमिकी दर्ज करवा दी है।
साथ ही डीलर से स्पष्टीकरण मांगा है। डीलर के समुचित जवाब नहीं देने पर दुकान को निरस्त करने के साथ ही उसकी जमा 5 हजार रुपये की प्रतिभूति को जब्त कर लिया। जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभाग ने मामले की जांच कराई।
जांच में डीलर ग्रामीणों को राशन वितरण न कर कालाबाजारी करने का दोषी पाया गया है। डीलर ने स्पष्टीकरण का समुचित जवाब नहीं दिया। इसके बाद दुकान को निरस्त कर दिया गया है। अब निर्धारित प्रकिया के तहत नए सिरे से दुकान का आवंटन होगा।