बिछवां (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बालिका के साथ गांव के ही आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की। जानकारी होने के बाद पीड़िता के परिजनों ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति बृहस्पतिवार को अपनी रिश्तेदारी में कहीं गए। इसी बात का फायदा उठाते हुए गांव निवासी एक आरोपी उनकी नौ साल की बच्ची को लालच देकर अपने घर ले गया। वहां उसने बालिका के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस बीच गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसे देख लिया, जिसके बाद आरोपी बालिका को घर पर न बताने की धमकी देकर भाग गया।
परिजनों के आने के बाद बच्ची ने खुद के साथ हुई घटना की जानकारी दी। पीड़िता के भाई की ओर से आरोपी के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म की कोशिश, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।