अयोध्या में 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन को लेकर एटा में मिष्ठान विक्रेताओं ने खास ऑफर निकाला है। इसके तहत यदि कोई भी ग्राहक 51 किलो लड्डू खरीदता तो उसे उपहार में एक विशेष मिठाई का पैकेट मुफ्त दिया जाएगा।
अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर नगर क्षेत्र में मिठाई कारोबार भी चमक गया है। व्यवसायियों के पास ऑर्डर पर ऑर्डर आ रहे हैं। बंपर मांग के बीच व्यवसायी ऑफर भी दे रहे हैं। 51 किलो लड्डू की खरीद पर मिठाई का विशेष पैकेट मुफ्त दिया जा रहा है।
विज्ञापन
श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर क्षेत्र में कार्यक्रमों का दौर जारी है। बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों में सुंदरकांड, भंडारा सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। वहीं 22 जनवरी को जगह-जगह प्रसाद वितरण भी होगा। इसे लेकर मिठाई विक्रेताओं पर बेसन, बूंदी के लड्डू, पेड़े सहित अन्य मिठाइयों के भी ऑर्डर आ रहे हैं।
मिठाई विक्रेता हरिओम, राजेंद्र सिंह ने बताया कि बूंदी के लड्डू की सबसे अधिक मांग है। 51 किलो लड्डू खरीदने पर छोटे मिठाई के पैकेट गिफ्ट में दिए जा रहे हैं। मांग के अनुसार मिठाई तैयार कराने के लिए कारीगरों को भी बढ़ाना पड़ा है। कुछ स्थान पर देहात क्षेत्र के कारीगर भी मिठाई तैयार करने में लगे हैं।
व्यवसायी दिनेश लोधी, मुनेश ने बताया कि क्षेत्र वासियों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार है। 22 जनवरी को गली-मोहल्लो में बांटने के लिए किलो में नहीं बल्कि क्विंटल में ऑर्डर आ रहे हैं। भाजपा, आरएसएस और हिंदूवादी संगठनों से जुडे़ लोगों के ऑर्डर बड़ी संख्या में मिल चुके हैं। जो पूरे करने में प्रतिष्ठान के सभी कर्मचारी लगे हुए हैं। प्रसाद के लड्डू या मिठाई में पानी का इस्तेमाल नहीं होता है। जिसकी वजह से वो कई महीनों तक एक ही स्वाद में रहता है।
बनवाए गए हैं विशेष डिब्बे
प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह है। इसके लिए विशेष तरह के डिब्बे तैयार कराए हैं। जिस पर प्रभु श्रीराम का चित्र, रामदरबार, राम मंदिर की आकृति आदि छपी है।