कासगंज में रक्षाबंधन पर्व के लिए राखी खरीदती महिलाएं
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। रक्षाबंधन पर्व के नजदीक आने के साथ ही बाजार में रौनक छाने लगी है। बहनों ने बाजार पहुंच कर भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए राखी की खरीदारी की। इसके साथ ही बाजार से घेवर, फैनी की भी खरीदारी की गई। दुकानों पर भीड़भाड़ रही।
रक्षाबंधन पर्व में एक दिन का ही समय शेष रह गया है। ऐसे में घरों में पर्व संबंधी तैयारियां शुरू हो गई हैं। अभी तक बहनें बाजार से अपने बाहर रहने वाले भाइयों के लिए ही राखी की खरीदारी कर रही थी, लेकिन अब घरों में पर्व मनाने के हिसाब से खरीदारी शुरू हो गई है। वैसे तो बाजार खुलने के साथ ही बहनें राखी खरीदने के लिए बाजार में पहुंचना शुरू हो गई, लेकिन बारिश के चलते उनको परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
बारिश थमने के बाद शाम के समय बाजार में रौनक बढ़ गई। बाजार में जगह जगह सजे राखी के फड़, ढकेलो, दुकानों आदि पर बहनों ने तरह-तरह की राखी की खरीदारी की। इसके साथ ही सराफा की दुकान से सोने-चांदी से बनी राखी की भी खरीदारी की गई। भाइयों ने भी उपहार में देने के लिए कपडे़, साड़ी, व अन्य सामान की खरीदारी की। इसके अलावा घरों में पकवान बनाने के लिए सेंवई,, बूरा, मेवा आदि की भी लोगों ने खरीदारी की।