किसानों की पगड़ी पर हाथ डाला है
भाकियू नेता ने कहा कि सरकार ने बीएसएनएल बेच दिया। रेलवे के साढे़ चार लाख लोगों को हटाने की तैयारी है। अब किसानों की पगड़ी पर हाथ डाला है। 20 वर्ष में जमीन नहीं बचेगी। इन लुटेरों से देश को बचाना होगा। ये लुटेरे लोगों को हिंदू-मुसलमान को बांटने का काम भी करेंगे। कोई भी इनके बहकावे मे न आए।
ट्रैक्टर रोके जाने पर गुस्सा जताया
किसान महापंचायत में आ रहे ट्रैक्टरों को पुलिस द्वारा रोके जाने की जानकारी मिलने पर टिकैत ने गुस्सा जताया। कहा कि दिल्ली में बैरियर तोड़कर ट्रैक्टर जा सकते हैं तो यहां भी आ सकते है। यह चौधरी चरण सिंह, वीर गोकुला, जाट महाराजा सूरजमल की धरती है।
चांदी का मुकुट पहनाया
किसान महापंचायत को संबोधित करने आए राकेश टिकैत का स्वागत मंच पर किसान नेताओं ने चांदी का मुकुट पहनाकर किया। राकेश टिकैत ने किसानों का हाथ उठाकर अभिवादन किया। युवाओं की भीड़ उनके साथ सेल्फी लेने के लिए पहुंची लेकिन पदाधिकारियों ने सभी को अपने-अपने स्थान पर बैठने का आग्रह किया।
तिरंगा लहराया
राकेश टिकैत के मंच पर पहुंचते ही वहां मौजूद किसान नेताओं ने तिरंगा लहराया और जय जवान, जय किसान के नारे लगाए। राकेश टिकैट पहली बार किरावली में महापंचायत कर रहे हैं। बड़ी संख्या में किसान नेता यहां पहुंचे हैं। कई किसान तिरंगा साथ लेकर आए हैं।
सुरक्षा के लिए लगाया ड्रोन
पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं। ड्रोन कैमरे से महापंचायत स्थल की सुरक्षा का जायजा लिया जा रहा है। मैदान में बड़ी संख्या में किसान मौजूद हैं। राकेश टिकैत को सुनने के लिए महिलाएं भी महापंचायत में पहुंचीं। बता दें कि किरावली का क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजकुमार चाहर का गृह क्षेत्र है। महापंचायत के लिए कार्यकर्ताओं ने नगला बोहरा, बदनपुर, बरनवाई, दूरा समेत कई गांवों में जनसंपर्क किया था।