रामनगर में किसान पंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत व मौजूद किसान
कुसमरा (मैनपुरी)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने बटोगे तो लुटोगे का नारा देते हुए एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा किसान किसी भी कीमत पर अपनी जमीन सरकार को न बेचें। बदलते दौर में किसानों को बच्चों की पढ़ाई पर फोकस करना चाहिए। क्योंकि इस दौर में बिना ज्ञान के कुछ भी नहीं है। साथ ही श्रमदान कर एक-दूसरे का सहयोग करें। किसान नेताओं ने एमएसपी को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी।
किसान नेता सोमवार को रामनगर स्थित एक गेस्ट हाउस पर आयोजित किसान महा पंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एमएसपी कानून लागू की मांग करते हुए कहा जब तक सरकारें किसानों को उनकी फसल के मूल्य को एमएसपी कानून बनाकर नहीं देंगी तब तक किसानों को फसल का सही लाभ नहीं मिल सकेगा। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने का मंच से एलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की जमीनें छीन कर रेलवे कॉरिडोर, हाईवे और एक्सप्रेसवे बनवा रही है। ये सब बड़े उद्योगपतियों को बढ़ावा दिए जाने को किया जा रहा है। लेबर एक्ट में संशोधन कर मजदूर, किसानों को कमजोर करने का काम किया है। मजदूरों की आवाज को दबाने का कार्य किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने कहा कि किसान आज के समय में सबसे ज्यादा परेशान है। फसलों का दाम उचित नहीं मिल रहा है,जिसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि किसान को अनदेखा किया जा रहा है। किसान अब आंदोलन करना सीख गया है। किसान अब सरकार से पीछे नहीं हटेगा किसान जेल भी जाएगा और सरकार के खिलाफ आंदोलन भी करेगा। बिजली के मुद्दे पर सरकार की जमकर खिंचाई की उन्होंने कहा कि फसलों के दाम तो उचित मिल नहीं रहे और बिजली के बिल की मार लगातार उन पर डाली जा रही है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा की किसानों पर फर्जी मुकदमे बर्दाश्त नहीं किये जाए। जल्द ही ट्रैक्टर मार्च किया जाएगा।
किसान पंचायत में प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्र सिंह परिहार, मंडल प्रभारी रणवीर सिंह चाहर, जिलाध्यक्ष मुकेश यादव, जयवीर सिंह, राधेश्याम, जिलेदार, रामौतार सिंह, नायब सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।