भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने कहा कि सपा और बसपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों के शासन में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर थे। सपा शासन में दंगे होते थे, भूमाफिया सरकार चलाते थे। राज्यसभा सांसद मंगलवार को आगरा पहुंचे। उन्होंने खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के लिए जनसंपर्क किया। इससे पहले राज्यसभा सांसद ने मीडिया से बात करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
शिल्पग्राम स्थित ताज रिसॉर्ट सेंटर में मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अरुण सिंह ने कहा कि आगरा में भाजपा सभी नौ सीटों पर जीत रही है। सपा सरकार के एक मंत्री दंगों के बाद आरोपियों को बचाने के लिए कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाते थे, जो आज जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि पिलखुआ में पुलिस चौकी को फूंक दिया गया। आगरा व कोसी में भी दंगे हुए। पुलिस राजनीतिक दबाव में रहती थी। ऐसे में लोग दहशत में रहते थे। कानून व्यवस्था इतनी खराब थी कि डॉक्टरों ने मॉर्निंग वॉक पर जाना छोड़ दिया था। सांसद ने कहा कि योगी सरकार में अपराधी जेल में हैं या प्रदेश से जा चुके हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि योगी सरकार में माफिया की 200 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई।