एसडीएम न्यायालय के आदेश के बाद ग्राम पंचायत नानामऊ के प्रधान पद के लिए हुई दोबारा मतगणना में वर्तमान प्रधान राजवती ही दो वोटों से जीत गई। पराजित प्रत्याशी द्वारा दोबारा मतगणना कराने की याचिका पर एसडीएम द्वारा दिए गए आदेश के बाद सोमवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मतगणना कराई गई।
सोमवार को कोर्ट के निर्देश पर तहसील परिसर में भारी पुलिस बल के बीच ग्राम पंचायत नानामऊ की दोबारा मतगणना कराई गई। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत नानामऊ से प्रधान पद के लिए पंचायत चुनाव के दौरान एक वोट से राजवती विजई हुई थी। एसडीएम युगांतर त्रिपाठी द्वारा सोमवार को दोबारा मतगणना कराने के निर्देश दिए गए थे।
एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, सीओ संजय वर्मा, तहसीलदार राकेश जयंत, नायब तहसीलदार हेरेंस कर्दम की मौजूदगी में सुबह दस बजे मतगणना शुरू हुई। मतगणना में राजवती को 374 तथा ममता को 372 मत ही मिले। दो मत निरस्त कर दिए गए। इंस्पेक्टर कुरावली विनोद कुमार, इंस्पेक्टर औंछा धर्मेंद्र सिंह, बीडीओ शिव गोविंद, एडीओ पंचायत नरेंद्र यादव, अदनान उल्ला खान मौजूद रहे।