फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में ट्रिपल मर्डर और मथुरा के कोसी हत्याकांड में 50 हजार के इनामी बदमाश राजू खान की पुलिस मुठभेड़ में मौत के मामले की जांच अब दूसरे जनपद की पुलिस को सौंपी जाएगी। इस संबंध में पुलिस ने प्रक्रिया तेज कर दी है और प्रारंभिक रिपोर्ट डीआईजी आगरा रेंज को भेज दी गई है।
राजू खान मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे बाद में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। घटना के तुरंत बाद, क्राइम ब्रांच की टीम ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी और आवश्यक साक्ष्य जुटाए थे।
ये भी पढ़ें - UP: पुलिस को दौड़ाया, पथराव में दो दरोगा समेत 12 घायल...आगरा में हुए बवाल की तस्वीरें; 142 लोगों पर केस दर्ज
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले की जांच अब फिरोजाबाद में न होकर किसी अन्य जनपद की पुलिस द्वारा की जाएगी। संभावना है कि जांच के दौरान मुठभेड़ का सीन री-क्रिएट भी किया जाएगा। हालांकि, अभी क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन जल्द ही इसे दूसरे जनपद को स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - आशिक ने कर दी हद: शादीशुदा प्रेमिका के लिए 12 घंटे तक मौत के टॉवर पर बैठा रहा, इस शर्त पर उतरा नीचे
दूसरे जनपद के एसएसपी नामित करेंगे विवेचक
मुठभेड़ में मारे गए इनामी बदमाश के मामले में फिरोजाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट तैयार कर डीआईजी आगरा रेंज को भेज दी है। डीआईजी कार्यालय से यह जांच दूसरे जनपद को सौंपी जाएगी, जहां के पुलिस अधीक्षक इस मामले में विवेचक नामित करेंगे।
शिकोहाबाद सीओ प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि जांच दूसरे जनपद की पुलिस करेगी, यह बात तय है। अभी हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि किस जनपद की पुलिस इसकी जांच करेगी। जांच रिपोर्ट तैयार करके डीआईजी रेंज आगरा को भेजी गई है।