स्कूटी से जा रहा राजस्थान पुलिस में तैनात सिपाही को कार ने टक्कर मार दी। हादस में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दे दी है।
आगरा के थाना खेरागढ़ क्षेत्र में कागारौल मार्ग स्थित नहर के पास बुधवार दोपहर एक स्कूटी सवार को कार ने टक्कर मार दी। स्कूटी सवार पुलिसकर्मी की मौके पर मौत हो गई।
विज्ञापन
मृतक प्रेम सिंह मोहल्ला सेवर भरतपुर राजस्थान का निवासी निकला है। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। प्रेम सिंह कागारौल मार्ग से जा रहे थे। चीत नहर के पास एक कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। कार सवार मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने दुर्घटना होने पर एंबुलेंस को फोन कर दिया। एंबुलेंस के कर्मचारी प्रेम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरागढ़ ले आए। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मृतक की तलाशी लेने पर आईडी और आधार कार्ड मिला। थाना खेरागढ़ प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक प्रेम सिंह राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल के पद पर धौलपुर के राजाखेड़ा न्यायालय में तैनात था। राजस्थान पुलिस सूचना पर दोपहर तीन बजे आ गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।