फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कायाकल्प: लॉकडाउन खुलने पर बदली दिखेगी राजामंडी बाजार की सूरत, ताजमहल के निकट जैसा होगा 'अहसास'

Fri, 28 May 2021 04:43 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

नाला सफाई, नालियों और सड़क निर्माण से हो रहा राजामंडी बाजार का कायाकल्प, नो पार्किंग जोन बनाकर बाजार में केवल पैदल ग्राहकों को प्रवेश देने की है तैयारी
विज्ञापन
राजा की मंडी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 जिस तरह ताजमहल के पास लाल पत्थर से सड़कें बनी हैं, ठीक वैसे ही राजामंडी बाजार की सड़क बनाकर बाजार का कायाकल्प किया जा रहा है। नगर आयुक्त के अनुसार सदर बाजार की तरह वाहनों की पार्किंग एक जगह कर पैदल ही बाजार में घूमा जा सकेगा। नगर निगम राजामंडी बाजार की सूरत बदलने के साथ व्यवस्थाएं भी बदलने जा रहा है। सीवर, नालियों की सफाई, नई नालियों का निर्माण कराने के साथ लाल पत्थर की ताजगंज की तरह सड़क बनाई जाएगी। लॉकडाउन खुलने के बाद जब बाजार में दुकानें खुलेंगी तो बाजार नए रंगरूप और व्यवस्थाओं के साथ नजर आएगा।

विज्ञापन


एमजी रोड पर राजामंडी बाजार में नगर निगम ने जलभराव की समस्या के स्थायी निदान के लिए दोहरी व्यवस्थाएं की हैं। नई नालियों का निर्माण कराने के साथ यहां से निकल रहे भूमिगत नालों को 20 साल के बाद तलीझाड़ साफ कराया है। यहां 13 फुट गहरे चैंबर में 12 फुट तक सिल्ट, कचरा जमा निकला था। जलभराव के कारण खराब हुई सड़क को उखाड़कर नए सिरे से निर्माण कराया जा रहा है।

एक सप्ताह से नगर निगम के चीफ इंजीनियर, अधिशासी अभियंता समेत इंजीनियर राजा मंडी बाजार की व्यवस्थाओं को सुधारने में लगे हैं। यहां अब लाल पत्थर की सड़क का निर्माण होगा, जैसा ताजगंज में कराया गया है। इससे बारिश में और पानी से सड़क को नुकसान नहीं होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

तबेलों के पास गोबर के लिए रखवाया डस्टबिन
राजामंडी बाजार में सीवर और नालों की सफाई में नगर निगम को 8 फुट तक गोबर जमा हुआ निकला। इस पर नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने भारत टाकीज के पास संचालित तबेला संचालकों से वार्ता की और उन्हें गोबर, गंदगी नाले में न फेंकने को कहा। तबेला संचालकों ने अपनी दुश्वारियां बताईं कि निगम के कर्मचारी उनके यहां से गंदगी नहीं ले जाते। इस पर नगर आयुक्त ने तबेलों के पास ही बड़ा डस्टबिन रखवाने और हर दिन उठाने पर सहमति दी। संचालकों से कहा कि वह नालियों में फेंकने की जगह डस्टबिन में गोबर डालें, जिससे भूमिगत नाले चोक न हों।

कई साल से बंद हैं एक नाला
राजामंडी बाजार में नालियों का निर्माण कराने के साथ पुराने ड्रेनेज सिस्टम को तलाशकर चालू कराया जा रहा है। यहां एक ओर का नाला कई साल से बंद है। सड़क का जल्द निर्माण कराकर बाजार की व्यवस्थाओं को बेहतर करने का प्रयास है। नो पार्किंग जोन बनाकर निश्चित समय के लिए ग्राहकों को पैदल ही प्रवेश देने की योजना है। इससे बाजार में ग्राहकों और दुकानदारों दोनों को ही अच्छा अनुभव होगा। - निखिल टी फुंडे, नगर आयुक्त

अमर उजाला ने उठाई हमारी आवाज
हम लोग 6 माह से परेशान थे, लेकिन अमर उजाला ने हमारी आवाज को उठाया, जिससे नगर निगम ने समस्याएं दूर की है। नाली, सड़क का निर्माण होने के बाद यहां पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए निगम के साथ सहयोग करेंगे, ताकि ग्राहकों को आसानी रहे। - अशोक जसवानी, व्यापारी, राजामंडी

पार्किंग व्यवस्था के लिए हम तैयार
बाजार में जिस तरह से काम कराया गया है, उससे जलभराव और पानी की समस्या से निदान मिलेगा, ऐसी उम्मीद है। अब पार्किंग व्यवस्था को लेकर हम तैयार हैं। नगर निगम पार्किंग के साथ स्ट्रीट लाइट, टॉयलेट की भी व्यवस्था कर दे तो बाजार अच्छा हो जाएगा। -  राम निवास राठौर, व्यापारी, राजामंडी

कोरोना का असर: 'अपनों' के अस्थि कलशों को लेने नहीं आ रहे लोग, विद्युत शवदाह गृह जाने से बच रहे परिजन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें