कासगंज/सोरों/सहावर/अमांपुर/सिढ़पुरा/पटियाली। बृहस्पतिवार सुबह से ही काले बादल छाए रहे, और देखते ही देखते झमाझम बारिश होने लगी। तापमान कम रहने से लोगों को राहत मिली लेकिन जगह-जगह जलभराव से लोग परेशान रहे। कई फीडरों से विद्युत आपूर्ति बाधित रही साथ ही कासगंज क्षेत्र के गांव लुहर्रा में एक कच्चा मकान गिर गया।
बारिश होते ही जलभराव के हालात बन गए। निचली कॉलोनी में लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। झमाझम बारिश से नगर की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खुल गई। सोरों गेट, बिलराम गेट इलाके में जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे राह निकलना दूभर हो गया। बारिश रुकने के काफी देर बाद पानी सड़कों से निकल सका। गांव लुहर्रा में बुधपाल सिंह पुत्र रामरतन सिंह का कच्चा मकान गिर गया।
हालांकि यहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को परेशान होना पड़ा। आवास विकास कॉलोनी में कुछ क्षेत्रों में कच्ची सड़कों पर पानी भर जाने से राह निकलना दूभर हुआ। वहीं सरकारी स्कूलों के परिसरों में भी जगह-जगह पानी भर गया।
सोरों, सहावर, गंजडुंडवारा, सहावर, पटियाली, सिढ़पुरा, अमांपुर क्षेत्र में भी बारिश हुई। मौसम सुहाना रहा, लेकिन जगह जगह जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गंजडुंडवारा में सड़कों पर जलभराव, फंसे वाहन
गंजडुंडवारा। कस्बे में मूसलाधार बारिश हुई। इससे मुख्य सड़क पर पानी भर गया। सड़के लबालब हो गईं। यहां जगह-जगह कई वाहन फंस गए। हनुमानगढ़ी चौराहा, सुदामापुरी रोड, स्टेट बैंक चौराहा, अलीगंज रोड पर सड़कों पर जगह-जगह पानी था। अलीगंज रोड पर तो गहरे गड्ढों में वाहन फंसे रहे।