आगरा। मोहाली के आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी के फाइनल में रेलवे की टीम दिल्ली के हाथों सात विकेट से हार गई। इस मैच में आगरा की तीन खिलाड़ी शामिल रहीं।
खिताबी मुकाबले में रेलवे की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। टीम 50 ओवर के मैच में 44.2 ओवर में मात्र 133 रन पर ही सिमट गई। आगरा की प्रतिभाशाली बल्लेबाज आरुषि गोयल जो पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में थीं, फाइनल में सिर्फ 7 रन ही बना सकीं। जिले की ही अंतरराष्ट्रीय स्पिनर पूनम यादव ने 43 गेंदों पर 19 रन बनाकर पारी को संभालना चाहा लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। दिल्ली की टीम ने 28.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 134 रन बनाकर खिताब जीत लिया।
गेंदबाजी में पूनम यादव ने 6 ओवर में एक मेडन रखते हुए 29 रन देकर 2 विकेट झटके लेकिन यह भी काम न आ सका। रेलवे टीम की कोच आगरा की पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हेमलता काला थीं। वहीं आगरा रेल मंडल के खेल सचिव धीरज शर्मा का कहना है कि खिताब भले ही दिल्ली के खाते में गया हो लेकिन फाइनल में आगरा की तिकड़ी की मौजूदगी ने शहर के खेल प्रेमियों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।