कासगंज। लखनऊ से आगरा फोर्ट के बीच 15 मई से 31 मई तक के लिए रद्द की गई विशेष ट्रेन का निरस्तीकरण आगे बढ़ा दिया गया है। इसके पीछे रेलवे ने कारण माना है कि फिलहाल इस ट्रेन से राजस्व की वसूली मुमकिन नहीं है। ऐसे में ट्रेन 30 जून तक के लिए निरस्त रहेगी।
आगरा लखनऊ के बीच वाया कासगंज दौड़ने वाली ट्रेन संख्या 02179/ 02180 अप डाउन ट्रेन अग्रिम आदेश तक के लिए निरस्त कर दी गई है। यह ट्रेन वैसे तो 15 मई को निरस्त की गई थी। जिसकी समय अवधि 31 मई तक थी, लेकिन रेलवे ने सर्वे में पाया है कि लॉकडाउन के चलते यात्रियों की संख्या बेहद कम है। इसलिए 30 जून तक के लिए ट्रेन के निरस्तीकरण का समय बढ़ाया गया है।
रेलवे के राजस्व में नहीं हो रही बढ़ोतरी
जो ट्रेन वाया कासगंज और कासगंज से सीधे विभिन्न स्टेशनों के लिए दौड़ रही हैं। उनमें भी यात्रियों की संख्या बेहद कम है। ऐसे में रेलवे को राजस्व की हानि हो रही है। कासगंज से चलने वाली 5 जोड़ी अनारक्षित विशेष गाडिय़ों से रेलवे को प्रतिदिन लगभग 1.5 लाख रुपए का घाटा हो रहा है।
कोरोना संक्रमण के डर के कारण यात्रियों की संख्या काफी कम है। ऐसे में रेलवे को राजस्व की हानि हो रही है। माल लदान से रेलवे को राजस्व प्राप्त हो रहा है। यात्रियों की संख्या में कमी होने के कारण आगरा फोर्ट- लखनऊ विशेष गाड़ी 30 जून तक के लिए रद्द की गई है। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ