किशनी। थाना पुलिस ने सभापुर नहर पुल के पास एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। बाइक पर बैठा उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पूछताछ के दौरान बाइक सहित पकडे़ गए युवक ने बताया कि वह एक वाहन चोर है। उक्त बाइक उसने सैफई थाना क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेजा गया। पुलिस उसके साथी की तलाश कर रही है।
थाना पुलिस को शुक्रवार की सुबह सूचना मिली कि सभापुर नहरपुल के पास रामनगर मार्ग पर एक बाइक सवार दो संदिग्ध युवक देखे गए हैं। उनके पास जो बाइक है वह चोरी की है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताए गए स्थान पर चेकिंग शुरू कर दी। संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को आता देख जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार मुड़ कर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने एक युवक को पकड़ लिया वहीं उसका साथी भाग निकला। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम अमन भदौरिया निवासी रामनगर बताया। भागे हुए साथी का नाम शीलू यादव निवासी किशनी रोड कस्बा करहल बताया। उसके पास से एक अपाचे बाइक बरामद हुई है जो सैफई क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वाहन चोर को जेल भेजा।