झांसी में प्रदर्शन के दौरान रेलवे ट्रैक पर जाम ने ट्रेनों की चाल बिगाड़ दी। गतिमान, पंजाब मेल सहित 15 ट्रेनें तीन घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंची। इस दौरान स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्री भीषण गर्मी में बेहाल दिखे।
झांसी में प्रदर्शनकारियों ने आगरा-झांसी ट्रैक पर जाम लगाया। इस कारण ट्रैक दोपहर तीन से शाम छह बजे तक बंद रहा। अप व डाउन की गतिमान, पंजाब मेल, ताज एक्सप्रेस सहित 15 ट्रेनें तीन घंटे तक की देरी से आगरा पहुंची। आगरा कैंट स्टेशन पर सैकड़ों यात्री ट्रेनों का इंतजार करते रहे।
विज्ञापन
ये ट्रेनें हुई लेट
प्रदर्शनकारियों ने झांसी-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर कई स्थानों पर जाम लगाकर हंगामा किया। इससे आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर दोपहर तीन बजे से ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। पंजाब मेल डेढ़ घंटे, ताज एक्सप्रेस एक घंटे और गतिमान एक्सप्रेस एक घंटे, उत्कल एक्सप्रेस 1:45 घंटे, पातालकोट एक्सप्रेस दो घंटे, श्रीधाम एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, गोरखपुर ओखा एक्सप्रेस, जबलपुर वीकली एक्सप्रेस सहित 15 से ज्यादा ट्रेनें एक से ढाई घंटे तक की देरी से आगरा पहुंचीं। झांसी स्टेशन पर भी यात्रियों को दो से तीन घंटे का इंतजार करना पड़ा। पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि आगरा झांसी ट्रैक पर हंगामे के कारण ट्रेनों का परिचालन तीन घंटे तक बाधित रहा।
आगरा कैंट स्टेशन पर वेटिंग रूम फुल
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम फुल हो गए। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। झांसी के विजय कुमार का कहना था कि लगभग सभी ट्रेनें देरी से चल रही हैं। यहां पानी का इंतजाम भी नहीं है। यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दिल्ली से आईं नजमा खातून का कहना था कि गतिमान शाम साढ़े छह बजे तक नहीं आई है। उन्हें इसी ट्रेन से दिल्ली लौटना था।