मैनपुरी। जिले के लोगों को आने वाले बजट से कई उम्मीदें हैं। हर बार की तरह इस बार भी लोगों को बेहतर रेल सुविधा की दरकार है। जिले के लोगों का कहना है कि परिवहन के बेहतर इंतजाम न होने के कारण ही मैनपुरी अन्य शहर की तुलना में अपेक्षाकृत विकास नहीं कर सका है। अगर रेल सुविधाएं बेहतर हो जाएं और मैनपुरी सीधे तौर पर महानगरों से जुड़ जाए तो निश्चित ही विकास होगा।
लोगों का कहना है कि मैनपुरी से एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में कालिंद्री एक्सप्रेस का प्रतिदिन और आनंद विहार एक्सप्रेस का साप्ताहिक रूप से संचालन होता है। इसके अलावा शिकोहाबाद-फर्रुखाबाद, फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद, मैनपुरी-इटावा पैसेंजर ट्रेन का संचालन होता है। इसलिए जरूरी है कि इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए।
स्टेशन पर आधी अधूरी हैं व्यवस्थाएं
इटावा रूट पर ट्रेन का संचालन होने के बाद स्टेशन खे जंक्शन का दर्जा मिल चुका है, लेकिन सुविधाएं नहीं के बराबर ही हैं। प्लेटफार्म पर गंदगी, खराब हैंडपंप, बंद पड़ा मनोरंजन सदन यात्रियों को मुंह चिढ़ाता है। शौचालयों में गंदगी के ढेर नजर आते हैं। सुविधाओं के नाम पर यात्रियों के लिए कोई इंतजाम नहीं है।
बेहतर रेल सुविधाओं के लिए किसी जनप्रतिनिधि ने प्रयास ही नहीं किए हैं। सपा सांसद मुलायम सिंह यादव के प्रयासों के बाद इटावा के लिए रेल सुविधा मिली है। जनहित में इटावा-मैनपुरी के बीच चलने वाली ट्रेन का समय बदला जाना चाहिए।
अनिल कुमार, पावर हाउस रोड
जिले से होकर लखनऊ और इलाहाबाद तक के लिए नियमित रूप से रेल का संचालन होना चाहिए। जिले की हर बार रेल बजट में उपेक्षा की जाती है। जबकि पड़ोसी जिलों में आज भी बेहतर रेल सुविधा है।
कोमल सिंह, डालूपुर
मैनपुरी से ग्वालियर तक के लिए रेल चले तो लोगों को फायदा होगा। ग्वालियर में कैंसर यूनिट होने के कारण रोजाना बड़ी संख्या में यात्री जाते हैं। इटावा तक की रेल सेवा लोगों केे लिए पर्याप्त नहीं है।
रामलाल, लाखनमऊ
बेहतर रेल सुविधाएं तो दूर स्टेशन पर यात्रियों के लिए सुविधाओं का अभाव है। सर्दी और बारिश के बीच खुले प्लेटफार्म पर ही यात्री समय गुजारते हैं। स्थानीय स्तर पर तो जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
संजीव चौहान, पड़रिया रोड