रेल बजट 2021 आज पेश किया जाएगा। आगरा जिले के जनप्रतिनिधियों ने छोटे स्टेशनों के विकास और नई ट्रेनों के ठहराव के प्रस्ताव दिए हैं। पर्यटन व्यवसायियों की मांग है कि आगरा से फतेहपुर सीकरी के लिए हेरिटेज ट्रेन चलाई जाए। विदेशी पर्यटकों का शताब्दी व गतिमान जैसी ट्रेनों में अलग कोटा हो। आगरा से काठगोदाम के बीच नई ट्रेनें चलाने और नये मालगोदाम की स्थापना और पूर्ण आरक्षण की जगह अब जनरल कोच वाली ट्रेनों के संचालन की भी मांग की गई है।
विज्ञापन
रेल परामर्शदात्री के सदस्य राजकुमार शर्मा ने कहा कि आगरा से मुंबई, वाराणसी और जम्मू के लिए सीधी ट्रेनें शुरू की जाएं। ईदगाह बांदीकुई पर रेलवे के दोहरीकरण का प्रस्ताव पास हो चुका है। यह कार्य शुरू किया जाएगा। आगरा जयपुर के बीच विद्युतीकरण होने के बाद भी ट्रेनें डीजल इंजन से चल रही हैं।
आगरा से सीकरी तक चले हेरिटेज ट्रेन
आगरा से फतेहपुर सीकरी तक पर्यटकों के लिए हेरिटेज ट्रेन चलाई जाए। इसी तरह आगरा- जयपुर- दिल्ली के गोल्डन ट्राइंगल पर ट्रेन का संचालन होना चाहिए। विदेशी पर्यटकों के लिए अलग कोटा (आरक्षण) व्यवस्था होनी चाहिए। - राजीव तिवारी, पर्यटन उद्यमी, पूर्व अध्यक्ष चैंबर
विज्ञापन
रेल बजट: नई हेरिटेज ट्रेन की मांग करने वाले आगरावासी
- फोटो : अमर उजाला
विदेशी पर्यटकों को दें सुविधाएं
रेलवे स्टेशनों पर विदेशी पर्यटकों के लिए टिकट खिड़की अलग की जाएं। उनके लिए अलग से यात्री प्रतीक्षालय हो। इसके साथ ही आगरा के इतिहास और स्मारकों की पुस्तिका भी हर विदेशी पर्यटक को यूपी टूरिज्म की ओर से देनी चाहिए। - अनिल शर्मा, अध्यक्ष, एलटीए
रेलकर्मियों की सुविधाएं बढ़ाएं
रेलवे का निजीकरण को बंद किया जाए। रेलवे कर्मचारियों को ओपीएस सिस्टम में लाया जाए। सेना की तरह रेलवे कर्मियों को भी कैंटीन की सुविधा दी जाए। आयकर की सीमा पांच लाख रुपये से बढ़ाई जाए। परिचालन से जुड़े रेलकर्मियों को ज्यादा सुविधाएं दी जाएं। - हरिओम भारद्वाज, शाखा सचिव, एनसीआरईएस
कीठम पर बनाएं नया मालगोदाम
रेलवे के यमुना ब्रिज मालगोदाम की क्षमता कम है। कुबेरपुर में बना मालगोदाम भी ज्यादा कारगर नहीं रहा। ऐसे में रेलवे को कीठम के पास नया मालगोदाम स्थापित करना चाहिए। यह दिल्ली, जयपुर व ग्वालियर हाईवे की रिंग रोड पर है। -मनीष अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, नेशनल चैंबर
महिलाओं को मिले कन्फर्म सीट
ट्रेनों में सबसे ज्यादा दिक्कत आरक्षण को लेकर आती है। रेलवे को महिलाओं को कन्फर्म टिकट की सुविधा दी जाए। जनरल कोचों की संख्या बढ़ाई जाए। खानपान की सुविधा भी बढ़ाई जानी चाहिए। प्रतियोगी परीक्षा को जाने वाले अभ्यर्थियों को भी खास वरीयता दी जाए। -पूनम अग्रवाल, गृहिणी
स्टेशनों के विकास के लिए दिए प्रस्ताव
सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने जहां जलेसर स्टेशन के विकास और एत्मादपुर, कुबेरपुर, आगरा सिटी जैसे छोटे स्टेशनों पर विकास के प्रस्ताव दिए हैं, वहीं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने किरावली, फतेहपुर सीकरी, अछनेरा स्टेशनों पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव और स्टेशनों के विकास के प्रस्ताव दिए हैं। राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने ईदगाह से अर्जुन के बीच रेलवे के पुल का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए बजट की दरकार है।