फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छापा: पशु आहार की आड़ में बेचा जा रहा था सिंथेटिक दूध बनाने का सामान

Thu, 07 Jan 2021 08:20 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फिरोजाबाद
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फिरोजाबाद में खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग ने मंगलवार रात को मटसेना क्षेत्र में संचालित दुकान पर छापा मारा। यहां पशु आहार बेचने की आड़ में सिंथेटिक दूध बनाने का सामान बेचा जा रहा था। कार्रवाई मंगलवार को देर रात तक चली। इस दौरान टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में टीम ने भारी मात्रा में केमिकल के साथ दुकान को भी सील कर दिया है। जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं। 
विज्ञापन



खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मंगलवार को मटसेना क्षेत्र में हरी सिंह पुत्र मनीराम की दुकान पर पहुंची। टीम को देखकर दुकान पर बैठी एक महिला ने शटर गिरा दिया। दुकान के आसपास खड़े कई दूधिया भी भाग निकले। उस समय टीम दुकान को सील कर वापस लौट आई। बाद में जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने उच्चाधिकारियों से वार्ता की। तहसीलदार सदर की मौजूदगी में टीम गठित कर भारी फोर्स के साथ टीम फिर मौके पर पहुंची। यहां ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों को बुलाकर टीम ने दुकान का ताला तोड़ा।


दुकान से सिंथेटिक दूध बनाने में प्रयोग होने वाला 400 किलोग्राम पाउडर, तरल पदार्थ 500 लीटर और 140 लीटर रसायन बरामद किया। टीम ने सामान का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया। साथ ही दुकान को सील कर दिया। कार्रवाई मंगलवार को देर रात तक चली।
विज्ञापन

टीम दो बार दुकान पर गई थी। एक बार टीम को देखकर महिला ने विरोध करते हुए दुकान का शटर गिरा दिया था। इसके बाद दुकान को टीम सील करके चली आई। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद कार्रवाई हुई। यहां से भारी मात्रा में केमिकल पकड़ा गया है। जिसे खरीदकर दूधिया ले जाते थे और दूध बनाकर लोगों को बेचते थे। बड़ी संख्या में आ रही नकली दूध की रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई। नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। दुकान को सील कर दिया है। - डॉ. सुधीर कुमार, जिला अभिहित अधिकारी।

महिला ने किया हंगामा, लोगों ने किया घेराव
फिरोजाबाद। मंगलवार की शाम जब टीम पहुंची तो उस समय सिंथेटिक दूध का कारोबार करने वाले युवक के घर से महिला डंडा लेकर निकल आई और हंगामा भी किया। टीम को महिला पुलिस भी बुलानी पड़ी। महिला पुलिसकर्मी ने महिला को पकड़ लिया। उसके बाद ही कार्रवाई शुरू हुई। कार्रवाई शुरू होते ही कई लोग आकर विरोध करने लगे। 

50 से अधिक दूधिया थे संपर्क में
फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिस दुकान पर छापा मारा गया और दूध बनाने का केमिकल पकड़ा गया। वहां से करीब 50 से 60 दूधिया संपर्क में रहते थे। यहां से केमिकल खरीदकर क्विंटलों नकली दूध बनाते थे। सहालग में केमिकल की बिक्री बहुत बढ़ जाती थी। 
विज्ञापन

नमूने असुरक्षित पाए जाने पर गंभीर हुआ विभाग
हाल में ही दूध की रिपोर्ट बड़ी संख्या में असुरक्षित पाई गई हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए बड़े स्तर पर चल रहे सिंथेटिक दूध के कारोबार की आशंका जताई। टीम ने दूधियों का कई दिन तक पीछा किया। दूधिया इसी दुकान से हर रोज सामान ले जाते थे और रात में ही दूध बनाकर फिर से आपूर्ति करते थे। टीम मंगलवार को सुबह जब दुकान पर गई थी तो उस समय भी कई दूधिया आसपास खड़े थे। टीम को देखकर वह भाग निकले। 

आठ और स्थानों पर आशंका
फिरोजाबाद। दूधिया इस सामान को स्वयं ज्यादा मात्रा में नहीं खरीदते हैं। जितना दूध की आवश्यकता होती है, उसी अनुसार यह केमिकल खरीदकर ले जाते हैं। खाद्य विभाग को आठ स्थानों पर सिंथेटिक दूध का कारोबार बड़े स्तर पर होने की आशंका है।

यूरिया, मॉल्टोडेक्सट्रिन का पाउडर दूध में मिलाने से गैस्ट्रिक और एलर्जी हो जाती है। इसे बच्चे पीते हैं तो उनके लीवर पर सीधा असर पड़ता है। इससे अन्य बीमारियां भी हो जाती हैं। रसायन युक्त दूध ज्यादा समय पीने से किडनी और लीवर पर सीधा असर होता है। - डॉ. निमित गुप्ता, वरिष्ठ न्यूरोसर्जन।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें