आगरा। खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा साबित करने वाली आगरा की दो बेटियों को अब पुलिस विभाग में नई पहचान बनाने का अवसर मिला है। बैडमिंटन खिलाड़ी राधा और बास्केटबॉल खिलाड़ी वैशाली वासधानी को नियुक्ति मिली है। बृहस्पतिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
नौलखा, सदर बाजार निवासी राधा 13 वर्षों से बैडमिंटन खेल रही हैं। वह वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के महिला युगल वर्ग में उपविजेता रहीं। उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भी उपविजेता रही हैं। कोच मयंक कपूर और अनुज कपूर ने इन्हें गुर सिखाए। राधा ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में माता-पिता का सहयोग और प्रोत्साहन सबसे अहम रहा। नियुक्ति से आगे बढ़ने का नया अवसर मिला है।
नामनेर निवासी वैशाली वासधानी ने बास्केटबॉल में राज्य स्तर पर कई स्वर्ण पदक जीते हैं। उनकी खेल प्रतिभा आगे बढ़ाने में रीनेश मित्तल का योगदान रहा है। वैशाली ने कहा कि मेहनत और लगातार अभ्यास से यह उपलब्धि हासिल हुई है। पुलिस विभाग में नियुक्ति मिलने से बेहद खुशी है।
-
पुलिस में नियुक्त खिलाड़ी