मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में गोला बाजार के पास बुधवार की देर रात चोरी की शटरिंग लेकर जा रहे एक ई-रिक्शा को पुलिस ने रोक लिया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुलापुरी निवासी दो कबाड़ खरीदने वालों के नाम बताए। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों भाग गए। माल को जब्त कर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश शुरू कर दी है।
गोला बाजार के पास बुधवार की रात एक सूचना पर पुलिस ने एक ई-रिक्शा को रोक लिया। रिक्शा में कई शटरिंग की प्लेट लदी हुईं थीं। जब चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि उक्त माल वह जुलापुरी में कबाड़ खरीदने वाले दो लोगों के यहां ले जा रहा था। पुलिस ने चोरी के साथ पकड़े गए चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठाया। वहीं कबाड़ खरीदने वालों की तलाश में दबिश दी। लेकिन दोनों ही कबाड़ खरीदार पुलिस के आने से पहले ही घर में ताला डालकर भाग चुके थे। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने करीब 206 शटर की प्लेट बरामद की हैं। हालांकि कार्रवाई के संबंध में अभी कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी है।