वृंदावन के संयुक्त जिला अस्पताल में सोमवार को बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया। लेकिन मंगलवार को आई वृद्धा की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। अस्पताल को सील कर दिया गया है। जिले में कोरोना संक्रमित मरीज की पहली मौत है।
मथुरा के कच्ची सड़क निवासी जगदीश प्रसाद अग्रवाल की 65 वर्षीय पत्नी आशा देवी को उनके दो देवरों की कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आने के बाद परिवार के साथ वृंदावन के क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। यहां तबीयत बिगड़ने के बाद महिला को पहले सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
यहां सुधार न होने के बाद परिवार के लोग उन्हें आगरा के एसएन (सरोजिनी नायडू) मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन एक दिन के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें वृंदावन के सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल भेज दिया। जहां सोमवार की शाम उनकी मौत हो गई।