कासगंज। नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार ने विभाग व पुलिस टीम के साथ रविवार को नगरिया में सुविक्षा हेल्थ सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सेंटर पर झोलाछाप महिला को गर्भपात करते हुए टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद सेंटर को सील कर दिया गया।
नोडल अधिकारी ने डीपीसी धमेंद्र यादव, विमल उपाध्याय व चौकी पुलिस के साथ हेल्थ सेंटर पहुंचे। नोडल अधिकारी ने बताया कि यहां एक महिला का झोलाछाप लक्ष्मी व विनीता गर्भपात करा रही थीं। टीम ने उनसे चिकित्सकीय प्रमाण पत्र व पंजीकरण प्रमाणपत्र मांगे गए, लेकिन वह इन्हें नहीं दिखा सकीं। इसके बाद सेंटर को सील करने की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा दुर्गा क्लीनिक व बंगाली क्लीनिक का निरीक्षण करने टीम पहुंची, लेकिन दोनों क्लीनिक बंद मिले। नोडल अधिकारी ने बताया कि सुविक्षा हेल्थ सेंटर पर कोई भी प्रशिक्षित चिकित्सक नहीं पाया गया। अवैध रूप से कार्य करने वाली दोनों महिलाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।