कासगंज। पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों के लिए राशन में वितरित किए जाने वाले गेहूं का स्टॉक जिला में खत्म हो गया है। इससे कार्डधारकों को वितरित करने के लिए पंजाब से गेहूं की व्यवस्था की गई है। अभी तक पूरे गेहूं की आपूर्ति न मिल पाने से कार्डधारकों को अप्रैल माह का राशन नहीं मिल पा रहा।
शासन ने कार्डधारकों को माह में दो बार राशन का वितरण किया जाता है। मार्च माह तक का राशन तो कार्डधारकों को वितरित हो गया, लेकिन अप्रैल माह के राशन वितरण के लिए जिला में गेहूं का स्टॉक खत्म हो गया। जिले में लगभग 31 हजार मीट्रिकटन गेहूं की आवश्यकता एक बार के राशन वितरण के लिए होती है। इसमें से अभी तक मात्र 13 हजार मीट्रिकटन की गेेहूं अभी तक जिला को मिला है। हालांकि विभाग ने गेहूं के आने के बाद डीलरों को उठान तो शुरू करा दिया है, लेकिन अभी यह सभी डीलरों तक नहीं पहुंचा है। इससे तमाम दुकानों पर अभी तक राशन का वितरण शुरू नहीं हुआ है। जबकि वितरण कार्य 12 अप्रैल से 23 अप्रैल के मध्य तक वितरित करने की तिथि निर्धारित की गई है।
फैक्ट फाइल
पात्र गृहस्थी 225707
अंत्योदय कार्डधारक 27593
कुल राशन कार्ड धारक 253300
पंजाब से गेहूं की आपूर्ति लगातार हो रही है। शीघ्र ही जरूरत का पूरा गेहूं जिला मिल जाएगा। जैसे-जैसे आपूर्ति मिल रही है डीलरों को इसका उठान कराकर वितरण शुरू कराया जा रहा है, जिससे कार्डधारकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। - केएन सिंह, जिला पूर्तिअधिकारी