कासगंज। लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। जिला पुलिस की ओर से आयोजित रन फॉर यूनिटी के माध्यम से एकता, अखंडता व सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। आयोजन में प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने दौड़ लगाई।
एकता की दौड़ में जिले के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी, आरक्षी, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विद्यालयों-महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा संभ्रांत नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ बीएवी इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्रांउड में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत, देश की एकता हमारी जिम्मेदारी और सरदार पटेल अमर रहें जैसे नारों से शहर में एकता और सद्भाव का संदेश फैलाया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, अमांपुर विधायक हरीओम वर्मा, महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
पुलिस लाइन में आरक्षियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से हमें देश की एकता, समर्पण और सेवा की प्रेरणा मिलती है। आज का दिन हमें समाज में एकता और भाईचारे को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश देता है। कार्यक्रम में दौड़ के विजेता धावकों को शील्ड व ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान, क्षेत्राधिकारी शाहिदा नसरीन, क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार पुलिस अधिकारी व कर्मी, स्कूल कॉलेज के छात्र छात्राएं, व गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं कलेक्ट्रेट सभागार में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती उत्साह से मनाई गई। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संदेश दिया। इस दौरान उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, सभी विभागाध्यक्षों को राष्ट्र की एकता की शपथ दिलाई गई।