कासगंज। गंजडुंडवारा थाने के इंस्पेक्टर अनूप कुमार भारतीय को रात्रि भ्रमण के दौरान यूपी 112 की पीआरबी वैन में तैनात तीन पुलिसकर्मी सोते हुए मिले। इंस्पेक्टर ने पुलिस कर्मियों की इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लापरवाही की रिपोर्ट प्रेषित की। इस रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक ने लापरवाह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। लापरवाही की जांच सहावर के सीओ को सौंपी है।
पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया इंस्पेक्टर अनूप कुमार भारतीय शनिवार की देर रात्रि चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पीआर बी 1145 के पुलिसकर्मी कांस्टेबल ओमवीर सिंह ,बुधराज एवं अमृतलाल सोते मिले। आवाज लगाने के कुछ देर के बाद ही कांस्टेबल अमृतलाल गाड़ी से बाहर निकल कर आए। लेकिन अन्य पुलिसकर्मी आवाज लगाने के बावजूद गाड़ी से बाहर नहीं निकले। एसपी ने कहा पुलिस ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही सही नहीं है। उन्होंने बताया कि तीनों ही पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और इस लापरवाही की जांच सहावर के सीओ को सौंपी गई है। उन्होंने अन्य पुलिस कर्मियों को चेतावनी दी है सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी का अनुशासन के साथ पालन करें। लापरवाही पाए जाने पर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।