राम रहीम पर फैसले के बाद हरियाणा और पंजाब में हुई हिंसा को देखते हुए मथुरा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। मथुरा में भी डेरा सच्चा सौदा के समर्थक होने के कारण निगहबानी बढ़ा दी गई है। वहीं हरियाणा बार्डर पर पुलिस तैनात है। हरियाणा जाने वाले वाहनों को चेक किया जा रहा है। कई प्वाइंट पर पुलिस फोर्स को मुस्तैद कर दिया गया है।
शुक्रवार की शाम को जैसे ही पंजाब और हरियाणा में हिंसा बढ़ी तो मथुरा में कोसीकलां के पास हरियाणा बार्डर पर भारी फोर्स तैनात कर दिया गया। पुलिस ने उन सभी वाहनों को चेक किया जो हरियाणा की तरफ जा रहे थे। हालांकि जैसे जैसे हिंसा बढ़ने की खबरें आईं हरियाणा की तरफ जाने वाले वाहनों की संख्या भी अचानक कम हो गई थी।
नंदगांव के तमाम लोग हरियाणा के शहरों में कारोबार करते हैं लिहाजा वह भी हिंसा बढ़ने पर अपने शहर को लौट आए हैं। वहीं रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर भी पुलिस तैनात कर दी गई थी। खुफिया एजेंसियों को भी चौकस कर दिया गया है।
एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि चौकसी बरती जा रही है। एक्सप्रेसवे से लेकर हाईवे तक पर फोर्स बढ़ा दिया गया है। कोसीकलां में हरियाणा बार्डर पर एक प्लाटून पीएसी लगा दी गई है। एसपी देहात आदित्य शुक्ला शेरगढ़ में कैंप कर रहे हैं।