डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम का आगरा में नवंबर 2007 में रुहानी सत्संग का कार्यक्रम बना था। यह यहां देवरी रोड पर होना था। प्रशासन ने अनुमति दे दी थी। पोस्टर लग चुके थे। लेकिन सिख समाज के लोग सत्संग से ठीक एक दिन पहले इसके विरोध में खड़े हो गए थे।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के प्रमुख बाबा प्रीतम सिंह ने आपातकालीन मीटिंग बुला ली थी। यह शाम को चार बजे हुई थी। इसमें मौजूद रहे रविन्द्र पाल सिंह टिम्मा और बंटी ग्रोवर ने बताया था कि सिख समाज में भारी विरोध था। गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने हाईवे पर प्रदर्शन किया गया था।
इसमें काफी लोग शामिल हुए थे। पुलिस अधिकारी परेशान हो गए थे। तत्कालीन आईजी विजय कुमार से भी प्रतिनिधि मंडल मिला था। आईजी से कहा गया कि कार्यक्रम हुआ, तो ठीक नहीं रहेगा, बवाल हो जाएगा। तत्कालीन डीएम अजय चौहान भी परेशान हो गए थे। इसके बाद शासन तक मुद्दा गया था। बाद में डेरा प्रमुख का कार्यक्रम रद्द हो गया था।
शुक्रवार को पंजाब-हरियाणा में बवाल के बाद एडीजी जोन आगरा अजय आनंद ने बताया कि पूरे जोन में पुलिस को अलर्ट किया गया है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर चेकिंग की जा रही है। डेरे के तमाम आश्रमों के बारे में जानकारी कर ली गई है। एलआईयू को भी अलर्ट किया गया है।