यूपी-हरियाणा सीमा पर दिल्ली जाने के लिए सड़क पर बैठे किसान। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। पुलिस ने कृषि कानून के विरोध में दिल्ली जा रहे किसानों को यूपी-हरियाणा सीमा पर रोक दिया। इस दौरान किसानों एवं पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। जिससे हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। तीन घंटे तक राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
कृषि कानून के विरोध में विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर दिल्ली की ओर कूच किया। बॉर्डर पर तैनात पुलिस को चकमा देने के लिए किसान देहात के रास्तों से चल पड़े। हालांकि इसकी सूचना मिलते ही हरियाणा के होडल पुलिस ने किसानों की घेराबंदी कर ली। उधर कोसीकला पुलिस ने भी आसपास के गांव में सुरक्षा बढ़ा दी। जिसके बाद दिल्ली जाने की जिद पर अड़े सभी किसानों को घेर लिया गया। पुलिस से घिरे किसानों ने हाईवे पर ही हंगामा करना शुरू कर दिया। सरकार के खिलाफ नारे लगाए और बिल को वापस लेने की मांग की।
किसान नेता दीपक चौधरी ने कहा कि जब तक यह काला कानून वापस नहीं हो जाता, तब तक किसान चुप नहीं बैठेंगे। इस बीच पुलिस और किसानों में तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों ने अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे पर जस के तस खड़े कर दिए। जिससे हरियाणा एवं यूपी की लाइनों पर लंबा जाम लग गया। इसका अधिक असर हरियाणा के होडल क्षेत्र पर पड़ा। धीरे-धीरे कर जाम कोटवन गांव तक पहुंच गया। तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन किसानों को वहां से हटाकर वापस भेजने में सफल हुआ। मथुरा की ओर से आती रोडवेज बसों को भी बॉर्डर पर रुकवाकर वापस भेज दिया गया। बस में सवार यात्रियों के टिकट भी वापस कराई गई।