इसौली में ट्यूबवेल कनेक्शन को फर्जी बताकर विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और खंभे हटाने के खिलाफ किसानों ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम प्रबंध निदेशक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों ने कार्यालय के गेट पर ताला ठोंक दिया। जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड करने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) गुट के किसानों ने डीवीवीएनएल एमडी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। किसानों के मुताबिक, इसौली क्षेत्र में किसानों ने तय शुल्क और सुविधा शुल्क देकर ट्यूबवेल कनेक्शन लिए थे। इसमें खंभे, तार, ट्रांसफार्मर विभाग ने उपलब्ध कराए थे। अब पूर्व जूनियर इंजीनियर दुर्विल कुमार रात में आकर खंभों, ट्रांसफार्मर को उखड़वा रहे हैं। कनेक्शन फर्जी बताए जा रहे हैं, जबकि इस समय किसान धान की बुवाई में व्यस्त हैं। किसानों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। भाकियू के बैनर तले किसान इस सरकारी फर्जीवाड़े के खिलाफ सड़क पर उतरने को तैयार हैं। युवा मोर्चा प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि एक दर्जन उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। इनमें माया देवी, अशोक पाल सिंह, प्रताप सिंह, मदन पाल सिंह, रामकिशोर, जोरावर सिंह, छोटे, बिट्टा देवी, प्रेम सिंह, विनीत प्रताप सिंह की मुसीबतें बढ़ रही हैं।