आगरा। समाजवादी पार्टी ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण में पीएनसी इंफ्राटेक की लापरवाही और नगर निगम क्षेत्र की जर्जर सड़कों के विरोध में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। गुणवत्ता की जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए पदाधिकारियों ने एसडीएम नीलम तिवारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पीएनसी इंफ्राटेक के बनाए जा रहे एक्सप्रेसवे की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। छात्र सभा अध्यक्ष अमित प्रताप सिंह ने कहा कि पीएनसी की भ्रष्टाचार या लापरवाही की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो, बुलडोजर चले और दोष सिद्ध होने पर कंपनी को तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद के भाई की फर्म होने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। पूर्व पार्षद रामनरेश यादव ने कहा कि नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित हो। शहर की टूटी व गड्ढों वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। प्रदर्शन में प्रदेश सचिव तेज प्रताप सिकरवार, पूर्व महानगर उपाध्यक्ष रिजवान, नीटू यादव, भूपेंद्र तोमर, ललित राज जाटव, रघुवीर वाल्मीकि, मोहित यादव, सलमान अब्बास सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।