मैनपुरी। जिले से प्रयागराज तक का सफर आसान हो जाएगा। यहां से गुजरने वाली कालिंदी एक्सप्रेस को कानपुर से इलाहाबाद तक बढ़ाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गाड़ी का अभी दिल्ली से कानपुर तक के लिए संचालन होता है।
प्रयागराज में हाईकोर्ट, शिक्षा आयोग, बार काउंसिल, चयन आयोग के मुख्यालय हैं। हाईकोर्ट होने के कारण रोजाना जिले के वकीलों सहित वादकारियों को आना-जाना पड़ता है। जिले से प्रयागराज जाने के लिए कोई सीधी परिवहन सेवा नहीं है। लोगों को इटावा से ट्रेन या कानपुर से बस से जाना पड़ता है। रेलवे ने कालिंदी एक्सप्रेस को कानपुर से बढ़ाकर प्रयागराज तक चलाने की योजना पर काम शुरू किया है।
सांसद फर्रुखाबाद ने दिया है प्रस्ताव
सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत ने रेल मंत्री को कालिंदी एक्सप्रेस को प्रयागराज तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव में कालिंदी का संचालन प्रयागराज तक किए जाने से मैनपुरी, फर्रुखाबाद सहित कन्नौज के लोगों को प्रयागराज हाईकोर्ट तक पहुंचने में सीधी सुविधा मिलने की बात कही है।
सांसद कन्नौज ने कालिंदी एक्सप्रेस को प्रयागराज तक चलाने का प्रस्ताव दिया है। अभी तक इसका संचालन कानपुर तक होता है। फर्रुखाबाद जंक्शन का निरीक्षण किया जा चुका है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
आशुतोष पंत, डीआरएम
रोडवेज का प्रस्ताव विचाराधीन
मैनपुरी से प्रयागराज तक के लिए रोडवेज बस चलाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। जिले के लोग कई बार इस संबंध में मांग भी कर चुके हैं। रोडवेज ने लखनऊ तक के लिए बस का संचालन शुरू कर दिया है। अब प्रयागराज तक के लिए बस का सीधा संचालन करने की तैयारी है।