घिरोर। फिरोजाबाद के जिलाधिकारी के आदेश पर ट्रेन में चोरी की वारदात अंजाम देने वाले गैंग लीडर की संपत्ति कुर्क की गई। गैंगस्टर के तहत कुर्क संपत्ति की कुल कीमत करीब सवा करोड़ बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
फिरोजाबाद के जिलाधिकारी द्वारा गिरोहबद्ध एवं समाज विरोधी गतिविधि में लिप्त फिरोजाबाद जिले के थाना उत्तर क्षेत्र के गांव ककरऊ निवासी एक अपराधी की संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए। ट्रेन में चोरी की वारदात अंजाम देने वाले गैंग के लीडर वीरेंद्र उर्फ ठाकुर की अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को मंगलवार को जब्त किया गया। गांव मोहम्मदपुर स्थित चार प्लॉट व खेत जिनकी कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है उसे तहसीलदार घिरोर, प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह व राजस्व टीम की मौजूदगी में कुर्क किए जाने की कार्रवाई की गई। कुर्क की गई भूमि पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई से संबंधित बोर्ड भी लगवाए गए।